
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव में मामूली कहासुनी ने उस वक्त गंभीर रूप ले लिया, जब विवाद के दौरान गोली चल गई। जोहड़ के पास हुई फायरिंग की घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
गोली लगने से पप्पू पुत्र रिजवान गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे,
जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पप्पू और गांव के ही हयान के बीच कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर हयान ने पप्पू पर गोली चला दी। गोली लगते ही पप्पू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और वारदात की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।
दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना के पीछे मामूली विवाद बताया जा रहा है, हालांकि गोली चलाने की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।



