क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पिरान कलियर क्षेत्र के मुकर्रबपुर वार्ड पांच में रविवार को स्वास्थ्य जागरूकता और जांच का अनूठा संगम देखने को मिला। मोहर्रम ठेकेदार के आवास पर ग्राफिक एरा हॉस्पिटल की ओर से लगाए गए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में करीब 150 लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श लिया।
शिविर का शुभारंभ विधायक हाजी फुरकान अहमद ने फीता काटकर किया। शिविर में पेट, आंत एवं लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन देव मुंजाल के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने लोगों की जांच की। खास बात यह रही कि अत्याधुनिक फैब्रोस्कैन मशीन के जरिए लोगों के लीवर की जांच कर उसकी स्थिति का आकलन किया गया।
चिकित्सकों ने जांच के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया। खानपान में सावधानी, नियमित स्वास्थ्य जांच, व्यायाम और बीमारियों के शुरुआती संकेतों को गंभीरता से लेने के लिए जागरूक किया गया। विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है।
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। उन्होंने ऐसे शिविरों को क्षेत्र में लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।
डॉ. सचिन देव मुंजाल ने कहा कि पेट, आंत और लीवर से जुड़ी बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं। समय रहते जांच और सही जीवनशैली अपनाकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने फैब्रोस्कैन जांच को लीवर की स्थिति जानने में उपयोगी आधुनिक तकनीक बताया। शिविर में डॉ. रोशिफ, डॉ. फैजल, डॉ. रजत, सत्यम और मुजम्मिल ने सहयोग किया। इस दौरान अकरम प्रधान, सभासद राशिद अली, रहीश अहमद, ताज मोहम्मद, मोहर्रम अली, इकबाल, परवेज, पप्पू पीरजी समेत अनेक लोग मौजूद रहे।








