क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोल्ड ड्रिंक चोरी के आरोप में चार नाबालिग बच्चों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने वाले आरोपियों पर कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी, जिसके बाद आपके अपने “क्लिक उत्तराखंड न्यूज पोर्टल” ने पूरे घटनाक्रम विस्तार से प्रकाशित किया था। जिसके बाद हरकत में आई कलियर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दबिश देकर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की।
क्या था घटनाक्रम?……..

पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर गांव में हुई इस शर्मनाक घटना में मासूम बच्चों पर जिस तरह से अत्याचार किया गया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। वायरल वीडियो में बच्चों को रस्सी से डरा-धमकाकर उनके साथ मारपीट की जा रही थी। जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

मामले गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले का खुलासा करने के दिशा-निर्देश दिए थे। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों मेघराज और महावीर के खिलाफ विभिन्न धाराओं तथा किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मुकदमा दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर कलियर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह संदेश गया है कि बच्चों के साथ क्रूरता और कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



