क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार के जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) अतुल प्रताप सिंह के खिलाफ प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शासन ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई की है।

विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के आदेशानुसार अतुल प्रताप सिंह को अग्रिम आदेशों तक विभागीय निदेशालय, देहरादून से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है। शासन के इस निर्णय को विभागीय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अतुल प्रताप सिंह के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए पंचायती राज उपनिदेशक मनोज कुमार तिवारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जांच प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय जांच समिति का भी गठन किया गया है।
समिति में संयुक्त सचिव ध्रुव मोहन सिंह राणा, राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी तथा शशी सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति शिकायतों से जुड़े सभी तथ्यों, दस्तावेजों और परिस्थितियों का गहन परीक्षण कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
उधर, प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को जिला पंचायती राज अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे विभागीय कार्यों का संचालन सुचारु रूप से जारी रहेगा। शासन की इस कार्रवाई से पंचायती राज विभाग में हलचल तेज हो गई है।



