
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के खिलाफ एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है।
फरवरी 2026 में आयोजित एसएससी एमटीएस एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के मामले में एसटीएफ ने दिल्ली से आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के पद पर तैनात था और उसने कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस हासिल करने के लिए गिरोह के सदस्यों को आईपी उपलब्ध कराई थी।
परीक्षा की निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले व्यक्ति पर ही नकल कराने वाले गिरोह की मदद करने का आरोप सामने आने से परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी अंकित कुमार नवंबर 2025 में आयोजित एसएससी परीक्षा में नकल के एक अन्य मामले में भी वांछित था। अब उसकी गिरफ्तारी से जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सात आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार…..
एसटीएफ इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब दिल्ली से आठवें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी गिरोह के नेटवर्क और परीक्षा में कथित तौर पर अपनाए गए हाईटेक नकल के तरीके की पड़ताल में जुटी है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।ऑनलाइन परीक्षाओं में तकनीक के दुरुपयोग के जरिए सेंध लगाने के इस मामले में एसटीएफ की कार्रवाई से नकल माफिया के नेटवर्क पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि इस पूरे खेल में और कौन-कौन शामिल था तथा परीक्षा प्रणाली तक पहुंच बनाने में आरोपियों ने किन तरीकों का इस्तेमाल किया।



