उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनराजनीतिरुड़कीवीडियोशिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

कॉलेज में आधी रात को हंगामा पड़ा भारी::

ग्राम प्रधान समेत 10 के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जांच शुरू....(पढ़िए खबर)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कॉलेज परिसर में पार्किंग निर्माण के दौरान ग्राम प्रधान और उसके साथियों पर मारपीट, गाली-गलौच और तोड़फोड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि प्रधान अपने दर्जनभर से अधिक साथियों के साथ कॉलेज पहुंचा और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर कॉलेज प्रबंधन से जुड़े व्यक्ति पर फावड़े से हमला कर उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जेसीबी मशीन बुलाकर निर्माणाधीन रैंप, नाली के ऊपर पड़े स्लैब और बाहरी बाउंड्री को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, रविवार को कॉलेज में पार्किंग निर्माण का कार्य चल रहा था। रात करीब 9:20 बजे निर्माणाधीन रैंप का बाहरी हिस्सा तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान रोहालकी के ग्राम प्रधान विकास चौहान, अभि चौहान, आर्यन चौहान, शुभम, योगेश, संजीव डीलर, सचिन, मोहित, सानू, विशाल समेत दर्जनभर से अधिक लोग कथित तौर पर शराब के नशे में कॉलेज पहुंचे। आरोप है कि सभी ने प्रधान की अगुवाई में वहां मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और मजदूरों के साथ मारपीट करने लगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान ग्राम प्रधान विकास चौहान ने अचानक फावड़ा उठाकर उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे काफी चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने मौके पर जेसीबी मशीन बुला ली और निर्माणाधीन रैंप के साथ नाली पर रखे स्लैब तथा कॉलेज की बाहरी बाउंड्री को तोड़कर नुकसान पहुंचाया। कॉलेज के बाहर हो रहे हंगामे की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर भी दी गई। कॉलेज प्रबंधन ने शिकायत में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है। बताया गया कि कॉलेज परिसर में छात्रावास संचालित है, जहां 200 से अधिक छात्राएं रहती हैं। घटना के बाद से कॉलेज का स्टाफ, फैकल्टी और छात्रावास में रहने वाली छात्राएं भयभीत हैं। प्रबंधन ने पुलिस अधिकारियों से ग्राम प्रधान सहित नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच, तोड़फोड़ और कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में ठोस कानूनी कार्रवाई करने के साथ छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रधान समेत 10 अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। वही पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!