
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सरकारी अधिकारियों के नाम के आगे लिखे जा रहे ‘Hon’ble’ शब्द को लेकर क्लिक उत्तराखंड न्यूज की ओर से उठाए गए सवालों के बाद अब सरकारी वेबसाइट पर बड़ा बदलाव सामने आया है।
जिन अधिकारियों के नाम के आगे वेबसाइट पर पहले ‘Hon’ble’ प्रदर्शित किया जा रहा था, वहां से अब यह संबोधन हटा दिया गया है।
मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब सरकारी वेबसाइट से लेकर विभिन्न शिलापट्टों तक अधिकारियों के नाम के आगे ‘Hon’ble’ लिखे जाने को लेकर सवाल खड़े हुए थे।
आपके अपने न्यूज पोर्टल क्लिक उत्तराखंड न्यूज ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए संबंधित व्यवस्था और उसके औचित्य पर सवाल उठाए थे।
इसके बाद राष्ट्रीय लोक सेवा संस्थान के अध्यक्ष कृष्णकांत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हरिद्वार समेत संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजा। पत्राचार के बाद अब सरकारी वेबसाइट पर दिखाई देने वाले संबोधन में बदलाव नजर आया है।
बताया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के नाम के आगे वेबसाइट पर प्रदर्शित ‘Hon’ble’ शब्द को हटा दिया गया है। वेबसाइट पर अब अधिकारियों के नाम बिना इस संबोधन के प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
यह बदलाव सामने आने के बाद क्लिक उत्तराखंड की उस खबर की चर्चा फिर तेज हो गई है, जिसमें सरकारी दस्तावेजों, वेबसाइट और शिलापट्टों पर अधिकारियों के नाम के साथ इस्तेमाल किए जा रहे संबोधन को लेकर सवाल उठाए गए थे।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण में संबंधित विभागों की ओर से ‘Hon’ble’ शब्द हटाए जाने को लेकर अलग से विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आता है या नहीं, यह देखना बाकी है। फिलहाल सरकारी वेबसाइट पर हुआ बदलाव साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।



