
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ छात्र-छात्राओं को सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा से जोड़ने की पहल लगातार जारी है।
मंगलवार को कॉलेज ऑफ फार्मेसी के छात्र-छात्राओं ने जहां बाजूहेड़ी और रहमतपुर में स्वच्छता व स्वास्थ्य जागरूकता की अलख जगाई,
वहीं विश्वविद्यालय में एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और शारीरिक क्षमता का दम दिखाया। दोनों आयोजनों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने विश्वविद्यालय परिसर से लेकर गांव तक सकारात्मक संदेश पहुंचाया।
कॉलेज ऑफ फार्मेसी के सहयोग क्लब की ओर से आयोजित स्वच्छता जागरूकता रैली में छात्र-छात्राओं ने गांव की गलियों में लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से स्वच्छ भारत और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
जहां लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर जांच कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही किया जाना चाहिए। बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेने से भविष्य में दवाओं का असर कम होने की समस्या सामने आ सकती है। स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई को संक्रमण से बचाव का अहम हथियार बताया गया।
वहीं, 84 यूके बीएन एनसीसी के तहत विश्वविद्यालय में सीनियर डिवीजन की भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई। लिखित परीक्षा और शारीरिक मापदंडों के आधार पर 64 छात्रों का चयन किया गया। भर्ती में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अनुशासन, मेहनत व शारीरिक दक्षता का परिचय दिया।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जिम्मेदारी, नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करते हैं।
चयनित कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट सीए एसके गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट नमन बंसल, वाइस चांसलर डॉ. राजीव महाजन, प्रो वाइस चांसलर डॉ. आदेश कुमार आर्य, रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट सुमित चौहान और फार्मेसी एचओडी डॉ. अंकित शुक्ला, एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट सुमित चौहान, एनसीसी इंस्ट्रक्टर अनूप सैनी और क्लेरिकल स्टाफ अनंत राम मौजूद रहे। वहीं 84 यूके बीएन एनसीसी से नायब सूबेदार सुनील बिष्ट और हवलदार राजेंद्र सिंह ने भर्ती प्रक्रिया में मौजूद रहे।



