
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) आईआईटी रुड़की के दीक्षांत समारोह-2026 में शनिवार को मंच पर देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल छात्रों को डिग्रियां प्रदान कर रहे थे।
लेकिन सभागार में कुछ छात्रों की अपनी ही ‘क्लास’ चल रही थी। कोई आंखें बंद किए बैठा था तो कोई सिर झुकाकर झपकी लेता नजर आया। कैमरे की नजर पड़ी तो यह नजारा देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।
दीक्षांत समारोह छात्रों के लिए जिंदगी के सबसे यादगार पलों में से एक होता है। मंच पर पहुंचकर डिग्री हासिल करने का इंतजार कर रहे छात्रों में उत्साह भी दिखाई दे रहा था। मगर लंबा कार्यक्रम कुछ छात्रों पर ऐसा भारी पड़ा कि कुर्सी ही आरामगाह बन गई।
मंच पर डिग्री वितरण का सिलसिला चल रहा था और सामने बैठे कुछ छात्रों की आंखें बंद थीं। किसी का सिर नीचे झुका था तो कोई आंखें मूंदे पूरी तरह आराम की मुद्रा में नजर आया।
ऐसा लग रहा था जैसे एक तरफ ‘डिग्री वितरण समारोह’ चल रहा हो और दूसरी तरफ ‘नींद की प्रैक्टिकल क्लास’। खास बात यह रही कि जिस समारोह में देश के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उसी समारोह में छात्रों का यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया। हालांकि लंबे और औपचारिक कार्यक्रम के दौरान थकान होना स्वाभाविक है।
लेकिन डिग्री पाने के इस खास मौके पर झपकी लेते छात्रों ने समारोह के गंभीर माहौल में हल्की मुस्कान जरूर ला दी। कई छात्रों के चेहरों पर डिग्री पाने का उत्साह साफ नजर आया, वहीं कुछ के लिए शायद समारोह की औपचारिकताओं से ज्यादा जरूरी कुछ मिनट की नींद थी। सोशल मीडिया और कैमरों के दौर में आखिरकार उनकी यह ‘झपकी’ भी दीक्षांत समारोह की यादों का हिस्सा बन गई।



