क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) नगर पंचायत पिरान कलियर की सियासत में शासन की ओर से नामित सभासदों की एंट्री के साथ ही तस्वीर कुछ बदली-बदली नजर आने लगी है।
तीन नए नामित सभासदों के शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत में सभासदों की संख्या 9 से बढ़कर 12 हो गई है। संख्या बढ़ने के साथ ही अब बोर्ड के भीतर सियासी समीकरणों को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष समीना और अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने शासन की ओर से नामित सभासद मुरसलीन उर्फ बाबा, शमीम अहमद और श्याम सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
तीनों ने विधिवत शपथ लेकर नगर पंचायत की जिम्मेदारियों में अपनी नई पारी की शुरुआत की। बताया गया कि शासन की ओर से पहले चार सभासदों को नामित किया गया था,
लेकिन बाद में एक नाम वापस ले लिया गया। इसके बाद तीन नामित सभासदों को शपथ दिलाई गई। इन तीन चेहरों के सदन में शामिल होते ही नगर पंचायत की सदस्य संख्या 12 हो गई।अब दिलचस्प नजर इस बात पर रहेगी कि 12 सदस्यीय बोर्ड में नए नामित सभासद किस भूमिका में नजर आते हैं और नगर पंचायत के विकास से जुड़े मुद्दों पर उनकी भागीदारी किस दिशा में जाती है।
संख्या में हुआ यह इजाफा भले ही कागजों पर महज तीन सदस्यों का हो, लेकिन कलियर की स्थानीय सियासत में इसके मायने काफी बड़े माने जा रहे हैं।



