
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कांवड़ यात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ के बीच जहां अपनों से बिछड़ने की घटनाएं आम हो जाती हैं, वहीं हरिद्वार पुलिस लगातार मानवता और जनसेवा का परिचय दे रही है।
इसी कड़ी में थाना बहादराबाद की चौकी शान्तरशाह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिछड़े एक परिवार को कुछ ही समय में सकुशल मिलवाकर अपनी संवेदनशील कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। दिल्ली के मादीपुर, थाना पंजाबी बाग निवासी अरुण कुमार अपनी पत्नी और साली के साथ हरिद्वार गंगाजल लेने आए थे।
इसी दौरान अत्यधिक भीड़ के चलते अरुण कुमार अपने परिजनों से बिछड़ गए। अचानक संपर्क टूटने से उनकी पत्नी घबरा गई और सहायता के लिए चौकी शान्तरशाह पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए अपनी टीम के साथ बिना समय गंवाए खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस ने सरकारी वाहन से संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया और कुछ ही देर में अरुण कुमार को सकुशल ढूंढ निकाला।
इसके बाद उन्हें उनकी पत्नी और साली से मिलवाया गया। काफी देर की चिंता और बेचैनी के बाद जब परिवार फिर से एकजुट हुआ तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
अरुण कुमार और उनके परिजनों ने हरिद्वार पुलिस, चौकी शान्तरशाह और पूरी पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना की मुक्तकंठ से सराहना की। वही पुलिस ने दो मासूम बच्चे को भी चंद घंटों के भीतर सकुशल परिजनों से मिलवाया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल…..
- चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी
- हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह जगवाण
- कांस्टेबल अंकित कुमार
- हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह
- एसपीओ अरमान



