
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) उत्तराखंड से हज-2027 की मुकद्दस यात्रा पर रवाना होने का इंतजार कर रहे हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत और खुशियों से भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड राज्य हज समिति द्वारा रेंडम डिजिटल चयन (कुर्राअंदाजी) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
और इस बार की सबसे खास बात यह रही कि राज्य से प्राप्त सभी 1526 ऑनलाइन आवेदनों को मंजूरी मिल गई। यानी इस बार किसी भी पात्र आवेदक को मायूस नहीं होना पड़ा और हर आवेदनकर्ता को हज-2027 की पवित्र यात्रा के लिए चयनित कर लिया गया।

दरअसल, उत्तराखंड को इस वर्ष जितना हज कोटा आवंटित हुआ था, ठीक उतने ही 1526 आवेदन प्राप्त हुए। इसी कारण सभी पात्र आवेदकों का चयन स्वतः सुनिश्चित हो गया। इस खबर के सामने आते ही प्रदेशभर में चयनित जायरीनों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है। अब वर्षों से संजोया गया खाना-ए-काबा और मस्जिद-ए-नबवी की जियारत का सपना साकार होने की ओर बढ़ चुका है।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि चयनित सभी हज यात्रियों को अब निर्धारित समयसीमा के भीतर अगली औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। समिति के अनुसार 10 अगस्त 2027 तक प्रत्येक चयनित जायरीन को ₹1,52,300 की पहली किस्त हज कमेटी के खाते में जमा करनी होगी। वहीं 17 अगस्त 2027 तक हज यात्रा से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज राज्य हज समिति में जमा कराना अनिवार्य होगा।
हज समिति ने सभी चयनित जायरीनों से अपील की है कि वे समयसीमा का विशेष ध्यान रखें और सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित तिथि से पहले पूरी कर लें, ताकि उनकी मुकद्दस हज यात्रा की तैयारियां बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सकें। अब उत्तराखंड के 1526 खुशनसीब जायरीन अल्लाह के घर की हाजिरी की तैयारियों में जुट गए हैं।



