
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर कोतवाली क्षेत्र का बाजुहेड़ी गांव गुरुवार देर रात गोलियों की आवाज से दहल उठा। जिस घर में कभी भाईचारे की मिसाल थी, वहीं पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक भाई ने दूसरे भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी।
वारदात में 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी प्रधान पति किशोर सैनी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार देर रात फिर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आए किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। गोली लगते ही राजेश सैनी लहूलुहान होकर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कलियर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायल का उपचार जारी है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



