
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के शुक्रवार को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले देहरादून में एक दर्दनाक हादसा हो गया।
कार्यक्रम स्थल पर पंडाल और मंच की तैयारियों के दौरान लोहे का भारी पिलर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद उन्हें आनन-फानन में सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल ने अमर सिंह मेहता के निधन की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि अमर सिंह मेहता कांग्रेस के महानगर महामंत्री आलोक मेहता के पिता थे।

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता गहरे सदमे में आ गए। कुछ देर के लिए तैयारियों का काम भी प्रभावित हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।



