
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार यूनिवर्सिटी के बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) के तीन विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में बड़ी सफलता हासिल की है। तीनों विद्यार्थियों का स्टेटिक्स इलेक्ट्रिक कंपनी में 18 लाख रुपये सालाना पैकेज पर चयन हुआ है।
विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में बीटेक सीएसई की छात्रा अनुपमा कुमारी, आरती कुमारी और छात्र साहिल केवट ने भाग लिया था। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को कंपनी ने नौकरी के लिए चुना। एक साथ तीन विद्यार्थियों के अच्छे पैकेज पर चयन होने से विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ही तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे पढ़ाई पूरी करने के बाद बेहतर रोजगार हासिल कर सकें। तीनों विद्यार्थियों की इस सफलता को विश्वविद्यालय ने अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक बताया है।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सीए एसके गुप्ता, उपाध्यक्ष नमन बंसल, कुलपति डॉ. राजीव महाजन और प्रति-कुलपति डॉ. आदेश आर्य ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्लेसमेंट मैनेजर प्रज्वल चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग विद्यार्थियों के कौशल को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से तैयार करने के साथ प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



