
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) राजनीति में पहचान विरासत में मिले यह जरूरी नहीं, कई बार उसे जमीन पर उतरकर खुद गढ़ना पड़ता है। कलियर की स्थानीय राजनीति में नाजिम त्यागी का सफर भी कुछ ऐसा ही रहा है।
कभी कलियर विधायक फुरकान अहमद के साथ हर राजनीतिक और सामाजिक मोर्चे पर खड़े नजर आने वाले नाजिम को उनके करीबियों में गिना जाता था।
लेकिन वक्त के साथ उन्होंने अपनी सियासी जमीन तैयार की और आज बीडीसी से सभासद होते हुए जिला योजना समिति सदस्य तक पहुंचकर अपनी अलग पहचान कायम की है। नाजिम का सियासी सफर एक झटके में तय नहीं हुआ।
बीडीसी की राजनीति से शुरू हुई पारी ने उन्हें गांव और जनता के मुद्दों से जोड़ा। इसके बाद दो बार लगातार सभासद बनकर उन्होंने स्थानीय निकाय की राजनीति में कदम मजबूत किए और अब जिला योजना समिति में पहुंचकर सियासत की अगली सीढ़ी चढ़ी है।
लंबे समय तक विधायक फुरकान अहमद के साथ रहने के कारण उन्हें राजनीति की बारीकियों को करीब से समझने का मौका भी मिला।
मगर अब तस्वीर कुछ बदली हुई है। जिस नाजिम की पहचान कभी विधायक के करीबी के तौर पर होती थी.
वही नाजिम आज अपने नाम और अपने सियासी सफर से पहचाने जाने लगे हैं। जिला योजना समिति में मिली जगह ने उनके राजनीतिक कद को भी नई ऊंचाई दी है।
जिला योजना समिति सदस्य बनने के बाद नाजिम त्यागी जब नगर पंचायत इमलीखेड़ा पहुंचे तो माहौल स्वागत के रंग में रंग गया। फूल-मालाओं के बीच समर्थकों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। तीन नगर पंचायत के सभासदों ने फूल-स्पोर्ट देते हुए सभासद नाजिम त्यागी के नाम पर मोहर लगाते हुए नवनिर्वाचित घोषित कराने में अहम भूमिका निभाई।
वही इमलीखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने बधाई देते हुए कहा कि जिला योजना समिति में क्षेत्र की भागीदारी होने से विकास की आवाज को जिला स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
नवनिर्वाचित जिला योजना समिति सदस्य और सभासद नाजिम त्यागी ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी किसी पद की उपलब्धि भर नहीं है। क्षेत्र के विकास, जनता की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। स्वागत के दौरान सभासद पवन कुमार, रोशन लाल, नितिन कुमार, पारस सैनी, सचिन कुमार, राकेश, सुरेंद्र कुमार, अभिषेक, मेहरबान, राशिद अली और कासिम खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



