
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) नगर पंचायत इमलीखेड़ा क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। इमलीखेड़ा चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित ‘सैनी पार्क’ में अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाते हुए पार्क में लगे ताले तोड़कर दर्जनों पानी की टंकी से लेकर टॉयलेट-बाथरूम के गेट तक उखाड़ ले गए।
वही चोरो ने पार्क से बिजली के उपकरण भी चोरी किए हैं। चोरी की इस वारदात से जहां नगर पंचायत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात अज्ञात चोर ने अंधेरे का फायदा उठाकर सैनी पार्क में दाखिल हुए और वहां लगे सामान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने पार्क में लगी दर्जनों पानी की टंकी और टॉयलेट-बाथरूम पर लगाए गए गेटों को उखाड़कर चोरी कर लिया।
चोरों ने जिस तरह पार्क में बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं था।
सुबह जब पार्क में लोगों की आवाजाही शुरू हुई तो चोरी की घटना का पता चला। सूचना मिलते ही नगर पंचायत पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया। नगर अध्यक्ष मनोज सैनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द से जल्द उनका सुराग लगाने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब वारदात पुलिस चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर हुई, तो रात के समय पुलिस की गश्त कहां थी? सार्वजनिक स्थल से सामान उखाड़कर ले जाने तक किसी को भनक नहीं लगना पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।



