
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर विधानसभा के दरियापुर दयालपुर में किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) की बैठक में किसानों, मजदूरों और युवाओं की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी के नेतृत्व में संगठन पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने विधायक फुरकान अहमद को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों को सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली-पानी देने तथा सिडकुल समेत सरकारी, अर्धसरकारी और निजी उद्योगों में स्थानीय युवाओं के लिए 70 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।
संगठन ने विधायक से आगामी विधानसभा सत्र में इन मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की। विधायक फुरकान अहमद ने मांगों को किसान, युवा और जनहित से जुड़ा बताते हुए विधानसभा में पुरजोर तरीके से उठाने का आश्वासन दिया।
संगठन ने दावा किया कि पूर्व में गन्ना पर्ची घर-घर पहुंचाने, चीनी मिलों का डाटा ऑनलाइन कराने, खराब सरकारी नलकूपों को चालू कराने और बाहरी राज्यों से अवैध गन्ना खरीद पर रोक जैसे मुद्दों के समाधान के लिए भी संघर्ष किया गया है।
बैठक में उमड़ी भीड़ और लगातार बढ़ती सदस्यता को संगठन ने अपने जनाधार में विस्तार का संकेत बताया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।



