
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबी पारी खेलने वाले पूर्व सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन अब उत्तराखंड के संवैधानिक प्रमुख की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा करते हुए डॉ. बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन राजनीति के साथ चिकित्सा और कृषि क्षेत्र से भी जुड़े रहे हैं।
मध्य प्रदेश की राजनीति से अपना सफर शुरू करने वाले डॉ. बिसेन चार बार विधानसभा के सदस्य रहे। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहते हुए उन्होंने वन, परिवहन, खनिज साधन, स्कूल शिक्षा और जेल जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव हासिल करने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति का रुख किया। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में वह मध्य प्रदेश की बालाघाट संसदीय सीट से सांसद चुने गए। डॉ. बिसेन उत्तराखंड में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे। लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव के बाद अब संवैधानिक पद पर उनकी नई पारी शुरू होने जा रही है। राज्यपाल के रूप में उत्तराखंड में उनकी भूमिका और राजभवन की नई कार्यशैली पर सियासी और प्रशासनिक हलकों की नजर रहेगी।


