क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार पुलिस अधीक्षक नगर दीपक सिंह ने मंगलवार को बहादराबाद कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और रिकॉर्ड से लेकर मलखाने तक की स्थिति देखी। खामियों को दुरुस्त करने के साथ पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी ने कोतवाली परिसर के भोजनालय, कार्यालय, सीसीटीएनएस और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। कार्यालय में रखे रजिस्टर और अन्य अभिलेख भी जांचे गए।
इसके बाद पुलिसकर्मियों से फिंगरप्रिंट और फुटप्रिंट की सैंपलिंग कराकर उन्हें मौके पर ही इसकी प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।
मालखाने का निरीक्षण करते हुए एसपी सिटी ने लंबे समय से रखे पुराने माल मुकदमों की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को पुराने माल का नियमानुसार जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों से शस्त्राभ्यास भी कराया गया। निरीक्षण के बाद एसपी सिटी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने चीता पुलिसकर्मियों को अपने क्षेत्र की छोटी-बड़ी हर सूचना की जानकारी रखने और उसे संबंधित रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने कहा कि कोतवाली बहादराबाद का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। जहां पर अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करने और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ निभाने के दिशा-निर्देश दिए गए। वही पुराने माल का नियमानुसार जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सीओ देवदत्त जोशी, कोतवाल अमरजीत सिंह, एसएसआई नितिन चौहान, एसआई हेमदत्त भारद्वाज समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



