उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनराजनीतिरुड़कीवीडियोशिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

जिम में थम गई जांबाज सिपाही की सांसें:

एक्सरसाइज करते-करते गिरे एसओजी कॉन्स्टेबल, अस्पताल पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हारे.....(पढ़िए खबर)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) उत्तराखंड पुलिस के एक जांबाज और कर्तव्यनिष्ठ सिपाही की अचानक हुई मौत ने पूरे पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया।

चंपावत जिले के बनबसा में शुक्रवार शाम जिम में नियमित व्यायाम के दौरान एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) में तैनात 38 वर्षीय कॉन्स्टेबल गिरीश भट्ट अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। साथी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार गिरीश भट्ट वर्ष 2006 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुए थे और अपनी मेहनत, ईमानदारी तथा बहादुरी के लिए विभाग में विशेष पहचान रखते थे। उनके दोस्तों ने बताया कि गिरीश पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से जिम में एक्सरसाइज करने आते थे। शुक्रवार को भी वह रोजाना की तरह वर्कआउट कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद जिम में अफरा-तफरी मच गई। उनके साथी तत्काल उन्हें खटीमा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गिरीश भट्ट की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके पीछे पत्नी और दो बेटे हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सहकर्मियों के अनुसार गिरीश भट्ट न सिर्फ एक बेहतरीन पुलिसकर्मी थे, बल्कि कई चर्चित और महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। उनकी कार्यशैली, समर्पण और साहस की मिसाल पूरे विभाग में दी जाती थी। उनके निधन से उत्तराखंड पुलिस ने एक अनुभवी, निर्भीक और कर्मठ जवान को खो दिया है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!