
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) आस्था की नगरी पिरान कलियर में पहुंचने वाले जायरीनों को निशाना बनाने वाले बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश से जियारत के लिए आए एक जायरीन को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट लेने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
बदमाश ने पहले दोस्ती का नाटक किया, फिर श्रद्धालु को बेहोश कर उसकी नकदी, मोबाइल और अन्य सामान लेकर फरार हो गया। पीड़ित पूरी रात सड़क किनारे बेसुध पड़ा रहा और सुबह होश आने पर खुद को लुटा हुआ पाया।

मेरठ निवासी नूर मोहम्मद ने सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दो दिन पूर्व जियारत के लिए पिरान कलियर पहुंच था। इसी दौरान नहर किनारे बस अड्डे के पास मेटाडोर स्टैंड के नजदीक एक युवक उनसे मिला और बातचीत करने लगा।
कुछ देर बाद आरोपी ने अचानक उनके साथ छीना-झपटी की और कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। पीड़ित के अनुसार वह पूरी रात कांवड़ पटरी किनारे बेसुध हालत में पड़ा रहा। सुबह जब आंख खुली तो जेब में रखे करीब तीन हजार रुपये, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान गायब था। घटना का एहसास होते ही उसने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। लेकिन इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्योंकि बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु अक्सर ऐसे शातिर बदमाशों के निशाने पर रहते हैं।

वही मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। रुड़की कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों की जानकारी जुटाई जा रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।



