
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) रुड़की के सती मोहल्ला में बुधवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक खाली प्लॉट में खड़ी कार संदिग्ध परिस्थितियों में आग की लपटों से घिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। कार स्वामी ने इस मामले को प्लॉट के पुराने विवाद से जोड़ते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है।
साजिश के तहत आग लगाने का आरोप…..
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सती मोहल्ला निवासी रुबीना की मैग्नेट कार (2021 मॉडल) घर के पास ही एक खाली प्लॉट में खड़ी हुई थी। बुधवार देर रात अचानक कार से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सन्नाटे के बीच आग की लपटें देख मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई, मगर तब तक लाखों रुपये की कार लोहे के ढांचे में तब्दील हो गई। कार मालकिन और परिजनों का सीधा आरोप है कि यह महज कोई तकनीकी खराबी से लगी आग नहीं है, बल्कि रंजिश के चलते जानबूझकर उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है।
प्लॉट का विवाद और पुलिस की जांच….

परिजनों ने बताया कि जिस प्लॉट में कार खड़ी थी, उसे लेकर उनका कुछ लोगों के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते विरोधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष ने सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि सच सामने आ सके।

मामले की बाबत सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट का कहना है कि कार में आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया है। पीड़ित पक्ष द्वारा तहरीर दी गई है जिसमें प्लॉट विवाद का जिक्र है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और साक्ष्य मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
