
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से इलाका दहल उठा। मेरठ से अवैध हथियारों की तस्करी कर हरिद्वार पहुंचे दो बदमाशों का पुलिस से आमना-सामना हो गया।
पुलिस की घेराबंदी देख दोनों बदमाश जान बचाने के लिए गन्ने के खेतों में जा घुसे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं।
मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मेरठ से अवैध असलहों की तस्करी करने वाले दो बदमाशों के बहादराबाद क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस को देखकर दोनों बदमाश गन्ने के खेतों की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा करते हुए घेराबंदी की तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायरिंग कर दी।
अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया, जबकि दूसरे बदमाश को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मुकुल और भूपेंद्र निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद की हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेरठ से हरिद्वार तक फैला है हथियारों का नेटवर्क?….
दिनदहाड़े हुई इस मुठभेड़ ने हरिद्वार में अवैध हथियारों की तस्करी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि मेरठ से हथियारों की खेप कहां से लाई जा रही थी और हरिद्वार में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। दोनों आरोपितों के संपर्कों, हथियारों के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। पुलिस की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों के सामने आने की भी संभावना है।



