
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) लक्सर तिराहे पर देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने जमकर कहर बरपाया। सड़क किनारे ड्यूटी पर खड़ी डायल 112 पुलिस की गाड़ी को ट्रक ने पीछे से ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ड्यूटी पर तैनात एसएसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसएसआई राजेश बिष्ट की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब साढ़े दस बजे एक ट्रक पुरकाजी से लक्सर होते हुए रायसी की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक बालावाली तिराहे पर पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी डायल 112 पुलिस वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन में बैठे जवानों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में एसएसआई राजेश बिष्ट, प्रदीप धीमान, कपिल गोला और मनोज मिनान घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। राजेश बिष्ट की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जबकि अन्य तीन पुलिसकर्मियों का लक्सर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रवीण कौशियारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।



