
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) धर्मनगरी हरिद्वार सोमवार को प्रदेश सरकार के बड़े फैसलों की गवाह बनी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन के सभागार में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई।
स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत कई विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल ने मंथन के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए। कैबिनेट बैठक में हरिद्वार को दूसरा मेडिकल कॉलेज मिलने का रास्ता साफ हो गया। ईएसआई मेडिकल कॉलेज से जुड़े प्रस्ताव को भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से संबंधित प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की मुहर लगी। बैठक में कुल 13 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। हालांकि सभी प्रस्तावों का विस्तृत ब्योरा और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी शर्तें अभी सामने नहीं आई हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ हरकी पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर आगामी कुंभ मेले के सफल, भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन की कामना की। गंगा पूजन के बाद मुख्यमंत्री सीधे मेला नियंत्रण भवन पहुंचे, जहां मंत्रिमंडल की बैठक शुरू हुई।
खास बात यह है कि मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत से की गई थी, जबकि अब दूसरी बैठक धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित हुई। आगामी कुंभ की तैयारियों के बीच हरिद्वार में हुई कैबिनेट बैठक को अहम माना जा रहा है। वहीं प्रदेश सरकार को आगामी विधानसभा सत्र 30 अक्तूबर से पहले आहूत करना है। ऐसे में कैबिनेट के इन फैसलों के साथ सरकार की आगामी तैयारियों पर भी नजरें टिकी हैं।



