
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) मैदान सजा, खिलाड़ी उतरे और जीत के लिए जोरदार मुकाबला शुरू हो गया। केएल पॉलीटेक्निक रुड़की में शुक्रवार को युवाओं के जोश और खेल प्रतिभा का शानदार नजारा देखने को मिला।
युवा कल्याण विभाग रुड़की के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय खेल महाकुंभ-2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी का कैबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और रुड़की ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों में जीत को लेकर उत्साह नजर आया। मैदान पर उतरे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों में पूरा दमखम लगाया।
इस दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल ने की।
मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा और ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। वही उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कैबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल मैदान युवाओं को अनुशासन, मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें बेहतर मंच और अवसर देने की है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर देते हैं और भविष्य के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार करने में मददगार साबित होते हैं।



