
लालक्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में बाइक मिस्त्री हैप्पी की सरेआम गोली मारकर हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
गुरुवार को अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार मृतक हैप्पी के घर ग्राम शांतरशाह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार के दर्द को सुना।
उन्होंने बताया कि बीते सोमवार देर शाम हैप्पी अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान नकाबपोश बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल हैप्पी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि पुलिस की ओर से दिए गए मौखिक आश्वासन के बाद हैप्पी का अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई हैं।
आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार के घर पहुंचने से परिजनों को अपनी बात सीधे उनके सामने रखने का अवसर मिला। परिजनों ने हत्याकांड से जुड़े तमाम पहलुओं की जानकारी देते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय तभी मिलेगा, जब हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात के पीछे की असली वजह सामने लाई जाए। उधर, पुलिस की कई टीमें हत्याकांड के खुलासे में जुटी हैं। पुलिस वारदात के तरीके, आरोपियों की गतिविधियों और इलाके में उनकी संभावित रैकी समेत हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। नकाबपोश बदमाशों का वारदात के बाद आसानी से फरार हो जाना भी जांच का अहम बिंदु बना हुआ है। अब परिजनों और ग्रामीणों की नजर पुलिस की कार्रवाई और हत्याकांड के खुलासे पर टिकी।



