
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक और नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से एक दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवक और 15 वर्षीय किशोरी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं थे।
इसको लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनने की बात भी सामने आई है. बीती 14 सितंबर को दोनों ने कथित तौर पर संदिग्ध पदार्थ निगल लिया. हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजन उसे जौलीग्रांट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, किशोरी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था. उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई. मंगलवार को पुलिस को दोनों की मौत की सूचना मिली. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि किशोरी कक्षा 9वीं की छात्रा थी और एक राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ती थी. सोमवार को स्कूल से घर पहुंचने के बाद उसने दादी से दुकान से कोल्ड ड्रिंक लेकर आने की बात कही और घर से निकल गई।बताया जा रहा है कि युवक भी उसी समय घर से निकला था।
दोनों के जंगल की ओर जाने और वहां खौफनाक कदम उठाने की बात सामने आई है. इसके बाद दोनों अपने-अपने घर लौटे. कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी. ऐसे में परिजन अलग-अलग अस्पतालों में ले गए, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि”प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है. प्रारंभिक जांच में दोनों के संदिग्ध पदार्थ निगलने की बात सामने आई है. घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा और किन परिस्थितियों में दोनों ने यह कदम उठाया? इसकी जांच की जा रही है।



