
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुई दो सगी बहनों की सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी भाई विक्की को चुड़ियाला से गिरफ्तार कर लिया। एक ही परिवार की दो बेटियों की हत्या से इलाके में मची सनसनी के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मंगलवार देर शाम गणेशपुर और आजाद नगर पनियाला रोड स्थित संतोषी माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 में उस समय हड़कंप मच गया, जब विक्की ने कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों पर जाकर अपनी दो सगी बहनों पर गोलियां चला दीं थी।
गोली लगने से पुष्पा निवासी आजाद नगर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शकुंतला निवासी गणेशपुर को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी विक्की को चुड़ियाला भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका के बेटे ने अपनी मां और मौसी की हत्या की शिकायत पुलिस से की थी, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद, बहनों के चरित्र पर शक और पारिवारिक विवाद की बातें सामने आई हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। हत्यारोपी के कब्जे से घटन में शामिल मोटर साइकिल, तमंचा और खोखे बरामद की हैं। चंद घंटों में दोहरे हत्याकांड का खुलासा और आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले की जांच में अहम सफलता हासिल की है।



