
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। उर्स में देशभर से पहुंच रहे जायरीनों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
इसी क्रम में बीडीएस टीम ने एसआई ललित मोहन के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बीडीएस टीम ने दरगाह परिसर समेत आसपास के संदिग्ध स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया।
टीम ने सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थानों की जांच करते हुए किसी भी संभावित खतरे की आशंका को लेकर सतर्कता बरती।
अभियान के दौरान टीम ने संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों को लेकर विशेष सावधानी बरती तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उर्स के दौरान लाखों की संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
चप्पे-चप्पे पर निगरानी के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते की सक्रियता ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। बीडीएस टीम में एसआई ललित मोहन, दीपक भट्ट, मनजीत सिंह, पंकज उनियाल और मोहन सिंह मौजूद रहे।



