
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र के दरियापुर में कांवड़ यात्रा के दौरान जल खंडित होने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कांवड़ खंडित होने से आक्रोशित कांवड़ यात्रियों और स्थानीय युवक के बीच मारपीट हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और बड़ी घटना होने से बचा लिया। लेकिन युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार कलियर कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर के पास एक युवक का पैर लगने से कांवड़ असंतुलित होकर गिर गई, जिससे गंगाजल खंडित हो गया। इसके बाद सरसावा के रहने वाले कांवड़ यात्री भड़क उठे और आरोपित युवक के साथ मारपीट कर दी।
देखते ही देखते मौके पर हंगामा खड़ा हो गया और तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
इसके बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सुमित पांडेय और कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों को समझाकर शांत कराया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एक पुलिसकर्मी को कांवड़ यात्री के साथ हरकी पैड़ी भेजा, जहां से दोबारा गंगाजल भरवाया गया।
इसके बाद कांवड़ को पुनः स्थापित कर कांवड़ यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संयमित रवैये से क्षेत्र में शांति बनी रही और संभावित बड़े बवाल को समय रहते टाल दिया गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि किसी युवक का पैर लगने से गंगाजल खंडित हो गया था, जिसके बाद मारपीट हुई है। मारपीट में एक युवक घायल है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं। कावड़ियों को समझाकर और दोबारा जल लाकर उनके गंतव्य को रवाना कर दिया गया हैं।



