
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार में पवित्र रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल कांवड़िए को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है, जबकि आरोपी बुलेट छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।![]()
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से 221 लीटर गंगाजल लेकर पैदल यात्रा पर निकला था। कांवड़ियों का यह दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर हरिद्वार से नोएडा तक लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकला था।
देर रात होने के कारण दल ने कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप हाईवे किनारे विश्राम किया। इसी दौरान पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच शोर-शराबे को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद युवक नीचे आए और कांवड़ियों के बीच पहुंचकर हमला कर दिया। आरोप है कि एक हमलावर ने अजय के बेहद करीब पहुंचकर गोली चला दी। गोली लगते ही अजय दर्द से तड़पते हुए जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। रात के सन्नाटे में चली गोली से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग निकले, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

घटना के बाद पुलिस ने रातभर नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार बदमाशों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं इस घटना से कांवड़ यात्रियों और गौसेवकों में भारी आक्रोश है। फिलहाल कनखल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



