
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) रुड़की की शिक्षा नगरी एक बार फिर गौरव से चमक उठी है। मिक्स मार्शल आर्ट्स इंडिया कॉम्बैट लीग नेशनल गेम्स में नगर के दमदार खिलाड़ी राजा पहलवान ने ऐसा प्रदर्शन किया कि हर कोई उनका मुरीद हो गया।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच राजा ने अपने हुनर का परचम लहराते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
77 किलोग्राम भार वर्ग में उतरे राजा पहलवान ने मुकाबले की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज में की। पहली ही फाइट में उन्होंने मेरठ आर्मी के खिलाड़ी को पहले राउंड में करारी शिकस्त देकर अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। यह जीत सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि उनके वर्षों की मेहनत और जुनून का नतीजा है।
राजा पहलवान की इस ऐतिहासिक जीत से रुड़की समेत पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है। खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए वह प्रेरणा बन चुके हैं। खास बात यह है कि राजा सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक समर्पित कोच भी हैं। रामनगर स्थित “वी फॉर एटलांटिस जिम” में वह युवाओं और बच्चों को फिटनेस और मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग देकर नई प्रतिभाओं को तराश रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब राजा ने देश का नाम रोशन किया हो। इससे पहले भी देहरादून में आयोजित नेशनल गेम्स में गोल्ड जीतकर वह अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं। लगातार मिल रही सफलताएं यह दर्शाती हैं कि उनका लक्ष्य सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि हर बार खुद को बेहतर बनाना है।
राजा का सपना है कि वह एक दिन भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा फहराएं और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतें। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय वह अपने अंतरराष्ट्रीय कोच दिलशाद पहलवान (चंदौसी) को देते हैं, जिनके मार्गदर्शन और सख्त प्रशिक्षण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।



