
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सूफी संतों की नगरी पिरान कलियर में 23 सितंबर को जश्न-ए-गौसुल आजम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में बरेली शरीफ की खानकाह-ए-शराफतिया सकलैनियां के गद्दीनशीन शाह गाजी मियां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पिरान कलियर में मुनव्वर अली साबरी के आवास पर बैठक हुई।
इसकी अध्यक्षता साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। आयोजक हाजी गुलशाद सिद्दीकी ने बताया कि शाह गाजी मियां 23 सितंबर को सुबह करीब नौ बजे पिरान कलियर पहुंचेंगे। अकीदतमंद फूल-मालाओं से उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद करीब 11 बजे वह अकीदतमंदों के साथ जुलूस के रूप में दरगाह शरीफ पहुंचेंगे। यहां चादरपोशी और फूल पेश करने के साथ फातिहाख्वानी की जाएगी।
इसके बाद सज्जादानशीन की कोठी पर लंगर-ए-आम का आयोजन होगा। कार्यक्रम में कुरआन ख्वानी और महफिल-ए-समा सहित अन्य कार्यक्रम भी होंगे। अंत में देश में अमन, सलामती, खुशहाली और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की जाएगी।
खादिम मुनव्वर अली साबरी ने बताया कि यह आयोजन अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी की ओर से हर वर्ष किया जाता था। पहले सोसायटी के सचिव रहे मरहूम हाजी शादाब साबरी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। उनके इंतकाल के बाद यह पहला आयोजन है। अब राहिल कुरैशी को सोसायटी का सचिव बनाया गया है। सूफी राशिद अली साबरी ने बताया कि जश्न-ए-गौसुल आजम हजरत शेख अब्दुल कादिर जीलानी की याद में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिकता, सेवा, भाईचारे और अमन का संदेश देना है। बैठक में आलम सैफी, कल्लू भाई, परवेज आलम, राहिल कुरैशी, रियाज कुरैशी, फैसल खान उर्फ मोंटू, सावेज खान, वाजिद अंसारी और रईस अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



