क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का मामला सामने आया है।
लगातार फोन कॉल और वाट्सऐप मैसेज आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक की शिकायत पर सिडकुल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि जेल अधीक्षक को लगातार फोन कॉल और वाट्सऐप पर धमकी भरे संदेश मिल रहे थे। परेशान होकर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में एक महिला बंदी के पति हिमांशु चड्डा का नाम सामने आया है। आरोप है कि उसी की ओर से जेल अधीक्षक को धमकी दी गई। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद सिडकुल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, फोन कॉल और वाट्सऐप संदेशों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी की भूमिका भी जांची जा रही है।
जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि उन्हें लगातार कॉल और मैसेज के जरिए धमकियां मिल रही थीं। इसी के चलते उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



