
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट बस्ती में घरेलू विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मामूली कहासुनी के बाद 25 वर्षीय बेटे ने अपने 60 वर्षीय पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से घायल पिता ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान शनिवार को दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ से नौ बजे के बीच चंडीघाट निवासी प्यारेलाल और उनके बेटे प्रकाश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि गुस्से में प्रकाश ने डंडा उठाकर पिता के सिर पर दे मारा।
हमले में प्यारेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा मय पुलिस बल के साथ मौके पहुंचे और घटनास्थल को जांच के दायरे में लेते हुए फील्ड यूनिट को बुलाया।
टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव के पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि चंडी घाट बस्ती में घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने अपने 60 वर्षीय पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रकाश का पिछले करीब चार साल से सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।



