
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) लक्सर-रुड़की रोड पर सोमवार देर शाम एक ऐसा खौफनाक हादसा हुआ, जिसने सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।
सड़क पर फैला चाइनीज मांझा 27 वर्षीय बाइक सवार दीपक के लिए मौत का फंदा बन गया। तेज रफ्तार बाइक से घर लौट रहे युवक की गर्दन में मांझा अचानक आकर उलझा और देखते ही देखते उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई।
हादसे के बाद दीपक बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के शिकारपुर गांव निवासी दीपक सोमवार को किसी काम से रुड़की आया था। देर शाम वह बाइक से अपने गांव वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह नगला इमरती के पास पहुंचा, सड़क पर फैला जानलेवा मांझा अचानक उसकी गर्दन में फंस गया।
बाइक की रफ्तार के बीच मांझा गर्दन में उलझते ही युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। धारदार मांझे ने उसकी गर्दन को बुरी तरह जख्मी कर दिया। कुछ ही पलों में सड़क पर चीख-पुकार मच गई और दीपक लहूलुहान हालत में बाइक समेत गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल युवक को रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया। जिस युवक के घर लौटने का इंतजार परिजन कर रहे थे, उसकी मौत की खबर पहुंच गई।
अब सवाल सिर्फ हादसे का नहीं, जिम्मेदारी का है!
प्रतिबंधित बताए जाने वाले चाइनीज मांझे की धार आखिर सड़क तक कैसे पहुंची? इसे किसने इस्तेमाल किया था? सड़क पर मांझा किसने छोड़ा? और क्या जिम्मेदार लोगों तक पुलिस पहुंच पाएगी? ये सवाल अब इस दर्दनाक हादसे के बाद खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सड़क पर मांझा कहां से आया और इसका इस्तेमाल किसने किया था।



