
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के नगला खुर्द में शनिवार अलसुबह एक मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। मकान के मलबे की चपेट में आने से वहां बंधी एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय अचानक मकान का हिस्सा तेज आवाज के साथ गिर गया। देखते ही देखते मलबा चारों ओर फैल गया और दोनों भैंसें उसके नीचे दब गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए। लोगों ने अपने स्तर पर मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद एक भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, मलबे में दबने के कारण दूसरी भैंस की मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि बचाई गई भैंस भी गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।



