
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उर्स/मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कलियर पुलिस की ओर से लगातार बैठकों का दौर जारी है।
इसी क्रम में रविवार को कलियर कोतवाली में कोतवाल कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने उर्स/मेले के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों और व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों से विस्तार से सुझाव मांगे।
खासतौर पर यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, सुरक्षा, साफ-सफाई, अतिक्रमण और श्रद्धालुओं की सुविधा जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की कि उर्स के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने कहा कि उर्स/मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और स्थानीय जनता के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। पुलिस व्यवस्थाओं को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां कर रही है और स्थानीय लोगों के सुझावों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
वहीं, आगामी 12 अगस्त को पुलिस ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें पुलिसकर्मियों को उर्स/मेले के दौरान उनकी ड्यूटी, जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि देशभर से आने वाले जायरीन और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के उर्स में शामिल हो सकें और पूरा मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। बैठक में एसएसआई राजेश बिष्ट, सभासद नाजिम त्यागी, सभासद शहजाद अली, राव इरफान,रशीद अली,दिलबाग, शहजाद अली, इस्तेखार समेत अन्य मौजूद रहे



