क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से घनसाली क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. घर के बाहर खेलते समय लापता हुए चार वर्षीय मासूम का शव दूसरे दिन गांव के नीचे गदेरे में बरामद हुआ. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मूसलाधार बारिश के दौरान आए तेज बहाव में बच्चा बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे विपिन चौहान निवासी घनसाली ने थाना घनसाली पहुंचकर सूचना दी कि उनका चार वर्षीय भांजा अयनांश ग्राम कंडारस्यू में खेलते समय अचानक लापता हो गया है. सूचना मिलते ही थाना घनसाली में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने रातभर बच्चे की तलाश की, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
रविवार सुबह दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया. कई घंटों की तलाश के बाद बच्चे का शव गांव के नीचे गदेरे में पानी के किनारे मिला. शव मिलने की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे क्षेत्र में तेज बारिश हुई थी, जिससे गदेरे में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया. आशंका है कि उसी दौरान खेलते समय मासूम बह गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी मौत का कारण पानी के तेज बहाव में बहना माना जा रहा है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतक अयनांश की माता निकिता पत्नी पूरन सिंह ग्राम खिरवेल की निवासी हैं. उनके पति पूरन सिंह विदेश में नौकरी करते हैं. अयनांश इन दिनों अपने नाना के घर ग्राम कंडारस्यू आया हुआ था. खुशियों से भरा यह प्रवास परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया. इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है. स्थानीय लोग बरसात के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं।



