
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र स्थित लालपुल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई हैं। जहां पर एक अज्ञात महिला ट्रेन की चपेट में आ गई।
ट्रेन की चपेट में आने के कारण महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला की उम्र लगभग 35 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। हादसा उस समय हुआ जब वह रेलवे लाइन के आसपास मौजूद थी। इसी दौरान तेज गति से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और रेलवे अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। वही, पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। खबर लिखें जाने तक महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई हैं।



