क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पिरान कलियर के विश्वप्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस का डंडा लगातार चल रहा है।

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए हुड़दंग मचा रहे 4 लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया और उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई कर दी। वही दूसरी ओर वीडियो के आधार पर दरगाह सुपरवाइजर की ओर से 6 फर्जी खादिमों के खिलाफ तहरीर दी गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को दरगाह क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस की नजर उन अराजक तत्वों पर पड़ी, जो सार्वजनिक स्थान पर शोर-शराबा कर माहौल बिगाड़ रहे थे। धार्मिक स्थल पर इस तरह की हरकतों से जायरीनों और स्थानीय लोगों को भारी असुविधा हो रही थी।
पुलिस ने बिना देरी किए चारों को हिरासत में लिया, पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम अभिषेक, महफूज, फिरोज, शेर अली बताया। पुलिस ने चारों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्यवाही की हैं।

वही दूसरी ओर लगातार दरगाह क्षेत्र में जायरीनों के साथ अभद्रता और उगाही करने वाले 6 फर्जी खादिमों के खिलाफ दरगाह सुपरवाइजर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की हैं, तहरीर के अनुसार फर्जी खादिमों के झुंड में करीब 50-70 लोग शामिल हैं जोकि दरगाह क्षेत्र में जायरीनों के साथ उगाही, अभद्रता और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। बरहाल कलियर पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुटी हुई हैं।



