
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) नगर कोतवाली क्षेत्र के राजाजी नेशनल पार्क के घने जंगलों में हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया।

एक अज्ञात साधु की पत्थरों से कुचलकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।

घटना 14 अप्रैल की है, जब वन विभाग की टीम को जंगल के भीतर एक साधु का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 45 वर्षीय साधु को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान साफ बता रहे थे कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए। हर एंगल से जांच करते हुए पुलिस ने संदिग्धों के हुलिये के आधार पर दो युवकों को चिन्हित किया।

17 अप्रैल को हिल बाईपास क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ चिकना (25) निवासी इटावा और रोहित कुमार (19) निवासी पटना के रूप में हुई।
पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सबको झकझोर कर रख दिया। आरोपियों ने बताया कि 13 अप्रैल की रात वे हर की पौड़ी के पास सोए थे। नशे की हालत में उन्होंने अगले दिन एक साधु से बीड़ी और पैसे मांगे। जब साधु ने मना किया और कथित तौर पर गाली दी, तो दोनों ने गुस्से और लालच में आकर उसका पीछा किया।

सुनसान जंगल में पहुंचते ही उन्होंने पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर साधु को मौत के घाट उतार दिया और उसके पास से पैसे लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मृतक साधु की शिनाख्त के प्रयास लगातार जारी हैं।
