
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र में महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है।
आरोप है कि बच्ची को चुप कराने के बहाने ले जाने वाले युवक ने उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जबकि गंभीर हालत में मासूम को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी एक व्यक्ति हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करता है। कुछ दिन पहले बिहार के भागलपुर निवासी सौरभ भी इसी फैक्ट्री में काम करने आया था। उसने पीड़ित परिवार के पास ही किराये पर कमरा लिया हुआ था।
बताया गया कि रविवार देर रात बच्ची रो रही थी और उसकी मां खाना बनाने में व्यस्त थी। इसी दौरान आरोपी सौरभ बच्ची को चुप कराने के बहाने अपनी गोद में उठाकर अपने कमरे में ले गया। कुछ देर बाद बच्ची की चीख सुनकर मां कमरे की ओर दौड़ी तो मासूम की हालत देखकर उसके होश उड़ गए।
आरोप है कि इसी बीच युवक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने मासूम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है।



