
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पत्नी की तलाश में महीनों से दर-दर भटक रहा एक पति जब मुंबई से पिरान कलियर पहुंचा तो ऐसा मामला सामने आया, जिसने दरगाह क्षेत्र में हलचल मचा दी।
पति ने दरगाह क्षेत्र में तैनात एक सफाईकर्मी पर अपनी पत्नी को जबरन कमरे में बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि पत्नी को उसकी मर्जी के खिलाफ कमरे में रखा गया है और उसने फोन पर अपनी सहेली व बेटी को भी अपनी परेशानी बताई थी।
मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी पिछले कई महीनों से लापता है। वह लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि दरगाह क्षेत्र में तैनात एक सफाईकर्मी ने उसकी पत्नी को अपने कमरे में रोक रखा है।
पत्नी की तलाश में आखिरकार वह मुंबई से कलियर पहुंच गया। पति के मुताबिक, जब वह तलाश करते हुए सफाईकर्मी के कमरे तक पहुंचा तो आरोपी वहां से गायब मिला। इसके बाद पीड़ित के माथे पर चिंता की लकीरें और गहरी हो गईं। उसे आशंका है कि उसकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपित सफाईकर्मी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं।
अब इस पूरे मामले में का सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर महिला कहां है? यदि उसे जबरन कमरे में रखा गया है तो वह किस हाल में है? और पति के आरोपों में कितनी सच्चाई है? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। पीड़ित ने पुलिस से पत्नी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद कराने और मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस तथ्यों की पड़ताल कर रही है।



