
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोर यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने विश्वविद्यालय के सहयोग से ऋषिकुल घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने घाट परिसर की सफाई करने के साथ गंगा नदी में उतरकर कचरा और अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकाले। साथ ही लोगों को गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अमरनाथ एवं अभिषेक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान को जिला एनएसएस समन्वयक और नगर निगम हरिद्वार का सहयोग मिला। कुलपति डॉ. अनभा सिंह ने भी अभियान को प्रोत्साहित किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने और अपने आसपास सफाई बनाए रखने की शपथ ली। एनएसएस समन्वयकों ने कहा कि गंगा हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।



