
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर विधानसभा क्षेत्र के रहमतपुर और मेहवड़ खुर्द उर्फ नागल गांव के लोगों को जल्द दो बड़ी सुविधाओं की सौगात मिलने जा रही है। रहमतपुर में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए करीब 21 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
वहीं, मेहवड़ खुर्द उर्फ नागल में करीब 50 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। मंगलवार को कलियर विधायक फुरकान अहमद और पूर्व राज्यमंत्री शहीद हसन ने फीता काटकर दोनों विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
रहमतपुर गांव में पानी की समुचित निकासी नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में जलभराव ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। रास्तों पर पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से इसके स्थायी समाधान की मांग उठा रहे थे। अब 21 लाख रुपये की लागत से पुलिया बनने के बाद पानी की निकासी बेहतर होने के साथ ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, मेहवड़ खुर्द उर्फ नागल में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क से ग्रामीणों की राह आसान होगी। सड़क बनने से लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों में सड़क, पुलिया, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देगा। क्षेत्र के जिन गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


