
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड को 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन हत्यारों तक पहुंचने में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं।
वारदात के बाद से SOG और पुलिस की कई टीमें अलग-अलग दिशाओं में दौड़ रही हैं। घटनास्थल से लेकर संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों तक पुलिस की पड़ताल जारी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता सामने नहीं आई है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है और कई संदिग्ध पुलिस की रडार पर हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है। पुलिस वारदात के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और घटना से पहले की गतिविधियों को जोड़कर कड़ियां तलाश रही है।

उधर, ज्वालापुर सीओ संजय सिंह चौहान ने मंगलवार को शांतरशाह चौकी पहुंचकर घंटों अधीनस्थ अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग की। सूत्रों के अनुसार बैठक में 24 घंटे की जांच का फीडबैक लिया गया और अब तक सामने आए सुरागों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को हत्याकांड के जल्द खुलासे के लिए हर संभावित पहलू पर काम करने के निर्देश दिए गए.
इधर, हत्याकांड से नाराज बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग शांतरशाह चौकी पहुंच गए और लोगों ने पुलिस से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का पटाक्षेप करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि सरेआम हुई इस वारदात से क्षेत्र में भय का माहौल है और पुलिस को जल्द नतीजे तक पहुंचना चाहिए। वही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए जल्द मामले का खुलासा करने बात कही।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नकाबपोश हमलावर आखिर कौन थे? वारदात से पहले क्या उन्होंने रेकी की थी और पुलिस की रडार पर आए संदिग्धों में से किसी का इस हत्याकांड से कनेक्शन है? इन सवालों के जवाब पुलिस की आगामी जांच और खुलासे पर टिके हैं।



