
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में सोमवार देर शाम बाइक मैकेनिक हैप्पी पुत्र राजकुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
वारदात को अंजाम देने वाले नकाबपोश बदमाशों ने जिस तरह दुकान पर पहुंचकर हैप्पी को गोली मारी और इसके बाद आसानी से फरार हो गए।
उससे पुलिस को आशंका है कि घटना से पहले इलाके और मृतक की गतिविधियों की रैकी की गई हो सकती है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हमलावरों को हैप्पी के दुकान पर मौजूद होने की जानकारी कैसे मिली।
पुलिस के सामने ये सवाल भी अहम हैं कि बदमाश वारदात के बाद जंगल के रास्ते गए और फिर होटल के पास हाईवे से किस दिशा में फरार हुए, पुलिस इसकी भी जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।
वही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना से पहले और बाद में इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर ने कई टीमें लगाई हैं। टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। गठित टीमें हत्या की वजह, हमलावरों की पहचान,उनके स्थानीय संपर्क और फरार होने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस मृतक के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों को भी खंगाल रही है, ताकि हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
देर रात एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का कहना है कि जांच में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग रहे हैं और जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश किया जा सकता है।
मृतक हैप्पी के भाई ने की कड़ी कार्रवाई की मांग….
मृतक के भाई कपिल ने हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कपिल का कहना है कि जिस बेरहमी से उसके भाई की हत्या की गई है, हत्यारों के बदमाशों का भी एनकाउंटर होना चाहिए।



